
Mpसिंधिया फैंस क्लब के नेता की सरपंच और सरपंच प्रतिनिधियों ने चप्पलों से पिटाई कर दी। नेता पर आरोप है कि उसने पंचायत में विकास के लिए राशि स्वीकृत कराने के नाम पर सरपंचों से कमीशन लिया। इसके बाद भी राशि मंजूर नहीं कराई। जिसके बाद कुछ आक्रोशित सरपंच और उनके प्रतिनिधियों ने नेता की सरेराह पिटाई कर दी।
मामला विदिशा जिले के सिरोंज में शनिवार का है। इसका वीडियो सोमवार को सामने आया। यहां पर देवेंद्र शर्मा (28) सिंधिया फैंस क्लब के ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद पर हैं। सरपंचों का आरोप है कि देवेंद्र शर्मा ने राशि मंजूर कराने के लिए पैसे लिए थे। करीब दो महीने बाद भी राशि स्वीकृत नहीं कराई। काम नहीं होने पर जब हम लोगों ने उससे रुपए वापस मांगे तो वो कुछ दिन से टाल रहा था।
कई मंत्रियों से पहचान होने का करता था दावा
सरपंचों का आरोप है कि देवेंद्र शर्मा ग्रामीण क्षेत्र में खुद को पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसौदिया का करीबी बताकर रौब झाड़ता है। वह पंचायतों में विकास राशि स्वीकृत कराने के नाम पर सरपंचों से उस राशि का 10 से 15 प्रतिशत कमीशन लेता है। वह कई मंत्रियों से खुद के संबंध होने का दावा भी करता है। उसने अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ फोटो लगा रखी है।
सरपंचों ने कर लिया था भरोसा
मंत्रियों के साथ उसके कई फोटो देखकर सरपंचों ने उस पर भरोसा कर लिया। कई सरपंचों ने पंचायत में विकास निधि स्वीकृत कराने के लिए उसे रुपए भी दे दिए। काम नहीं होने पर जब पैसे मांगे तो वह टालने लगा। इसी बात से सरपंच और उनके प्रतिनिधि भड़क गए।
कांग्रेस ने कहा-मंत्री के नाम पर कमीशन का खेल
सिंधिया फैंस क्लब के ग्रामीण जिला अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा की पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस का बयान भी सामने आया है। कांग्रेस के प्रदेश सचिव सुरेंद्र रघुवंशी ने कहा कि जनपद पंचायत में मंत्री के नाम पर कमीशन का खेल चल रहा है। ये पिटाई लेनदेन के विवाद में ही हुई।





Users Today : 24
Users This Month : 654
Total Users : 235538
Views Today : 27
Views This Month : 743
Total views : 57779



