अनूपपुर
कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने कहा है कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना प्रदेश सरकार की सबसे संवेदनशील और महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। यह केवल योजना नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। हमारी सरकार बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी स्वयं निभा रही है। यह सरकार का परम सौभाग्य और कर्तव्य है कि जरूरतमंद परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य प्रशासनिक अमला स्वयं उपस्थित रहकर वर-वधु को आशीर्वाद दे रहे हैं, जो सरकार की संवेदनशीलता और सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। राज्य मंत्री दिलीप जयसवाल आज कोतमा नगर पालिका के द्रोणाचार्य स्टेडियम में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह को संबोधित कर रहे थे।
राज्य मंत्री जायसवाल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य हो रहा है। इसी सोच के साथ यह योजना संचालित की जा रही है ताकि हर बेटी का विवाह खुशी और गरिमा के साथ हो सके। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को भावी दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया।
मध्य प्रदेश कोल विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल ने कहा कि विवाह हमारी संस्कृति की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। यह हमारे समाज और परिवार का आधार है। सामूहिक विवाह सम्मेलन गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल और सहयोग के प्रतीक हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के साथ हमारी सरकार दोस्त बनकर हमेशा साथ खड़ी है। उन्होंने सभी दांपत्य जोड़ों को उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष जिला पंचायत मती प्रीति सिंह ने कहा कि सरकार माताओं, बहनों और बेटियों के हितों की रक्षा के लिए हर कदम पर साथ खड़ी है। हर विवाहित कन्या के माता-पिता अपनी बेटी को एक नए जीवन की शुरुआत के लिए आशीर्वाद दे रहे है। उन्होंने कहा कि सभी जोड़े नए जीवन में प्रवेश ले रहे हैं आपसी सामंजस्य एवं सहयोग से यह विवाह का बंधन जीवन भर निभाएं। उन्होंने सभी के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
खुशियों से गूंजा समारोह स्थल
विवाह स्थल पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मंत्रोच्चार, जयमाला और आशीर्वाद के बीच नवदंपतियों के चेहरे पर मुस्कान साफ झलक रही थी। परिवारों ने शासन का आभार व्यक्त करते हुए इसे उनके लिए बड़ी राहत बताया। वैदिक मंत्रों और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ 200 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
वैदिक आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजन के साथ सभी जोड़ों ने सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। समारोह स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया था, जहां बड़ी संख्या में परिजन एवं आमजन उपस्थित रहे। आयोजन के अंतर्गत भव्य बारात निकाली गई, जिसमें बैंड-बाजे और पारंपरिक वेशभूषा ने उत्सव का माहौल बना दिया। बारातियों का पुष्पवर्षा एवं आतिथ्य सत्कार के साथ स्वागत किया गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मती अर्चना कुमारी, जनपद अध्यक्ष अनूपपुर मती धनमति सिंह, जनपद अध्यक्ष कोतमा जीवन सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष कोतमा अजय सराफ, विंध्य विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष रामदास पूरी, नगर पालिका बिजुरी अध्यक्ष मती सहबीन पनिका, अनुविभागीय दंडाधिकारी अधिकारी राजस्व कोतमा टी आर नाग, तहसीलदार कोतमा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कोतमा प्रदीप झारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।





Users Today : 1
Users This Month : 264
Total Users : 233802
Views Today : 1
Views This Month : 426
Total views : 55185



