जबलपुर। खाद्य पदार्थों मे मिलावट रोकने चलाये जा रहे अभियान के अंतर्गत होली के अवसर पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारियों की खाद्य पदार्थों के विक्रय प्रतिष्ठानों के निरीक्षण की कार्यवाही मंगलवार को भी जारी रही।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र दुबे ने बताया कि खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारियों ने मंगलवार को अँधेरदेव स्थित श्रीराम स्वीट्स एंड नमकीन तथा अधारताल चौक स्थित श्री स्वीट्स एंड बेकरी का निरीक्षण किया। श्रीराम स्वीट्स से छैना और नमकीन के नमूने लिये गये।
अधारताल स्थित श्री स्वीट्स एंड बेकरी में विक्रय हेतु संग्रहित लगभग 50 किलोग्राम छैना (चमचम) कीट तथा कॉकरोच से दूषित होना पाये जाने पर सम्पूर्ण मात्रा को नगर निगम दल की सहायता से विनष्ट कराया गया। प्रतिष्ठान के मालिक मुकेश तिवारी द्वारा कार्यवाही का निरंतर प्रतिरोध करने के कारण पुलिस बल की सहायता से कार्यवाही पूर्ण की गई।
प्रतिष्ठान पर सिल्वर फॉयल के स्थान पर अलुमिनियम फॉयल का उपयोग करने के संदेह पर मलाई रोल का नमूना लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल प्रेषित किया गया। प्रयोगशाला से जाँच प्रतिवेदन प्राप्त होने पर संबंधित कारोबार कर्ता के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत न्यायालयीन कार्यवाही की जाएगी।





Users Today : 0
Users This Month : 806
Total Users : 235690
Views Today :
Views This Month : 954
Total views : 57990



