Breaking News

रांची-अनगड़ा सड़क प्रोजेक्ट पर सख्ती, दिसंबर 2026 तक पूरा करने का अल्टीमेटम

 रांची
 राजधानी रांची को अनगड़ा से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क परियोजना को लेकर पथ निर्माण विभाग ग्रामीण डिविजन ने सख्त रुख अपनाया है। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से बन रही दुर्गा सोरेन चौक से अनगड़ा चौक तक की सड़क को दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया है।

विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित समय सीमा तक निर्माण कार्य पूरा नहीं होने पर निर्माण एजेंसी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस सड़क का निर्माण श्रीराम कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से किया जा रहा है।

पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि निर्माण कंपनी को पहले ही दो बार समय विस्तार दिया जा चुका है। इसके बावजूद कार्य निर्धारित गति से पूरा नहीं हो सका। अब विभाग ने दिसंबर तक कार्य पूरा करने का अंतिम अल्टीमेटम जारी किया है।

See also  अयोध्या में महाकुंभ का आयोजन: 20,000 राम भक्त करेंगे भव्य कलश यात्रा, 8 राज्यों के सीएम होंगे शामिल

अप्रैल 2024 में पूरा होना था काम
परियोजना के तहत लगभग 18 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। मूल योजना के अनुसार यह कार्य अप्रैल 2024 तक पूरा हो जाना था, लेकिन समय सीमा बीत जाने के बाद भी अब तक केवल लगभग 70 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो पाया है। निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कई महत्वपूर्ण कार्य अब भी अधूरे
सड़क निर्माण के साथ-साथ कई आवश्यक संरचनात्मक कार्य अभी भी बाकी हैं। परियोजना के तहत स्ट्रीट लाइट, डिवाइडर, साइनेज, रोड मार्किंग, नाली निर्माण और पुल निर्माण का कार्य पूरी तरह समाप्त नहीं हो सका है।

See also  NSE IPO को लेकर बड़ा अपडेट, इस तारीख को शेयर हो सकते हैं लिस्ट

विभाग का कहना है कि इन सभी कार्यों को सड़क निर्माण के साथ ही दिसंबर तक पूरा किया जाएगा। इसके अलावा बिजली के तार व पानी पाइपलाइन की शिफ्टिंग का काम भी निर्माण के दौरान देरी होने की एक बड़ी वजह है।

भूमि अधिग्रहण और अन्य बाधाओं से बढ़ी देरी
कार्यपालक अभियंता जितेंद्र कुमार के अनुसार परियोजना में देरी के पीछे कई कारण रहे हैं। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया, सड़क किनारे पेड़ों की कटाई, अलकतरा की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होना, नामकुम रेलवे स्टेशन के समीप सड़क पर स्थित मंदिर तथा नामकुम श्मशान घाट के पास पुल निर्माण जैसे मुद्दों ने कार्य की गति को प्रभावित किया।

सिपाही पुल के पास बन रहे पुलिया बना सबसे बड़ी चुनौती
नामकुम स्थित सिपाही पुल के पास नए पुल के निर्माण में सबसे अधिक समय लग रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से पुल निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। उनका आरोप है कि संवेदक की लापरवाही और धीमी कार्यशैली के कारण परियोजना की रफ्तार प्रभावित हुई है।

See also  महाराष्ट्र सीमा से सटे अबूझमाड़ की पदमकोट पंचायत में विकास की नई धारा: जल जीवन मिशन से बदली ग्रामीणों की जिंदगी

क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि विभाग की सख्ती के बाद अब सड़क और पुल निर्माण कार्य समय पर पूरा हो सकेगा, जिससे रांची और अनगड़ा के बीच आवागमन और अधिक सुगम हो जाएगा।

क्या कहते अधिकारी?
    सड़क निर्माण से जुड़ी सभी अड़चने दूर कर ली गई है। जल्द सड़क का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। संवेदक को दिसंबर 2026 तक का समय दिया गया है।

-जितेंद्र कुमार, कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण

 

Author:

Facebook
Twitter
LinkedIn

Related Posts

Verified by MonsterInsights