जबलपुर। बरगी डेम के जीरो पॉइंट पर नहाने गए युवकों के समूह में शामिल एक 25 वर्षीय युवक गहरे पानी में समां गया। देखते ही देखते मौके पर चीख-पुकार मच गई और खुशियों का माहौल अफरा-तफरी में बदल गया। वही लंबे इंतजार के बाद भी जब रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए गोताखोर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। जिसके चलते काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। हालांकि रात ज्यादा हो जाने के चलते अब गुरुवार की सुबह से पुनः रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 1 बजे जैन मंदिर के पीछे रहने वाले शैलेश नेमा अपने दोस्तों के साथ होली खेलने के बाद डेम में नहाने गया था। अचानक वह गहरे पानी की ओर बढ़ गया और संतुलन बिगड़ते ही लहरों में ओझल हो गया। साथियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज गहराई और फिसलन भरे पिचिंग पत्थरों के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी।
सैकड़ों लोगों की भीड़, घंटों चला सर्च ऑपरेशन घटना की खबर फैलते ही जीरो पॉइंट पर सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।पुलिस चौकी बरगी नगर को सूचना दी गई, जिसके बाद चौकी प्रभारी सरिता पटेल मौके पर पहुंचीं। मुख्यालय से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। टीम ने देर शाम तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका।
जैसे-जैसे समय बीतता गया, परिजनों का आक्रोश बढ़ता गया। प्रशासन पर लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की कमी के आरोप लगाते हुए घाट पर नारेबाजी की गई। बाद में परिजन चौकी पहुंचकर बैठ गए और जवाब मांगने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी अंजुल मिश्रा और थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाइश दी और सुबह फिर से सघन सर्च अभियान चलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित हुई।





Users Today : 0
Users This Month : 806
Total Users : 235690
Views Today :
Views This Month : 954
Total views : 57990



