हजारीबाग
झारखंड के हजारीबाग जिले में बैंक डकैती की सनसनीखेज घटना सामने आई है. बरही थाना क्षेत्र में हजारीबाग रोड स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में चार नकाबपोश बदमाश हथियार लेकर घुसे और बड़ी लूट को अंजाम दिया. बदमाश महज 10 मिनट के भीतर करीब 7 करोड़ रुपये का सोना और लगभग 5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरी वारदात पहले से प्लान की हुई थी. दो बदमाश पहले बैंक में ग्राहक बनकर पहुंचे थे और करंट अकाउंट खुलवाने का बहाना किया. कुछ ही देर बाद उनके दो साथी भी बैंक के अंदर दाखिल हो गए. इसके बाद चारों ने अचानक हथियार निकालकर बैंक कर्मचारियों को धमकाना शुरू कर दिया।
बदमाशों ने बैंक में घुसते ही कर्मचारियों और मौजूद ग्राहकों को एक जगह इकट्ठा कर लिया. हथियार दिखाकर सभी को डराया गया और विरोध करने पर गंभीर परिणाम की धमकी दी गई. इस दौरान बैंक मैनेजर के साथ मारपीट भी की गई, ताकि पूरे स्टाफ में दहशत फैल जाए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह पूरी डकैती सिर्फ 10 मिनट में डाली गई. बदमाश करीब 3:19 बजे बैंक में दाखिल हुए और 3:29 बजे तक वारदात को अंजाम देकर बाहर निकल गए. इस दौरान किसी को समझने का मौका तक नहीं मिला कि आखिर क्या हो रहा है. लुटेरे बैंक में मौजूद गोल्ड लोन और लॉकर में रखा सोना अपने साथ ले गए. इसके साथ ही कैश काउंटर से नकदी भी समेट ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई. बैंक के अंदर मौजूद CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके. पुलिस का मानना है कि यह किसी संगठित गिरोह का काम हो सकता है, जिसने बैंक की रेकी पहले से कर रखी थी।
बैंक कर्मचारियों ने बताया कि करंट अकाउंट खुलवाने के बहाने दो डकैत पहले बैंक में आए थे. फिर पीछे से दो और लोग दाखिल हुए. उनके पास छोटे हथियार भी थे. हथियार के बल पर सभी बैंक कर्मचारियों को एक तरफ जाने को कहा. उसके बाद बैंक मैनेजर के साथ मारपीट की. बंदूक के बल पर घटना को अंजाम देकर 10 मिनट में बैंक से बाहर निकल गए।
बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने कहा कि चार डकैतों ने घटना को अंजाम दिया है. क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई है. इस घटना में 7 करोड़ का सोना और 5 लाख की लूट हुई है. बैंक के अंदर भी पड़ताल चल रही है. सीसीटीवी फुटेज खगाले जा रहे हैं. हजारीबाग के SP अमन कुमार ने आजतक को फोन पर बताया कि जल्द इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा. पुलिस इनपुट के आधार पर पड़ोसी राज्यों में रेड कंडक्ट की जा रही है, जल्द गिरफ्तारियां होंगी।





Users Today : 8
Users This Month : 169
Total Users : 237027
Views Today : 9
Views This Month : 278
Total views : 59756



