ऐसे बहुत से कारण होते हैं जिनकी वजह से शादियां रद्द हो जाती हैं, लेकिन उत्तराखंड में एक ऐसे कारण से शादी रद्द कर दी गई जिसे जानकर आपको हंसी आ जाएगी। यहां एक दुल्हन ने दूल्हे के परिवार के उसे एक सस्ता लहंगा भेजने पर शादी रद्द कर दी। शादी रद्द होने के बाद यह मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया। पूरा मामला क्या है, आइए आपको विस्तार से बताते हैं।
दुल्हन को सस्ता और लो-क्वालिटी लगा लहंगा
नैनीताल के हल्द्वानी जिले की रहने वाली दुल्हन को दूल्हे के परिवार की तरफ से भेजा गया शादी का लहंगा पसंद नहीं आया। दुल्हन के मुताबिक, लहंगा बहुत ही सस्ता और लो-क्वालिटी का था, जो उसे बिल्कुल पसंद नहीं आया। इस वजह से उसने शादी करने से इनकार कर दिया। बता दें कि दुल्हन की सगाई जून के महीने में हुई थी और नवंबर यानी इसी महीने शादी होनी थी।
दूल्हे के परिजनों ने कहा- 10,000 रुपये में खरीदा था लहंगा
उत्तराखंड के अल्मोड़ा के रहने वाले दूल्हे पक्ष के लोगों का कहना है कि उन्होंने लखनऊ से 10,000 रुपये का लहंगा खरीदा था, जो न तो सस्ता है और न ही लो-क्वालिटी का। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई। मामला ठंडा करने के लिए दूल्हे के पिता ने दुल्हन को अपना ATM कार्ड देकर उसे अपनी पसंद का लहंगा खरीदने को भी कहा। इसके बावजूद भी दुल्हन शादी करने के लिए राजी नहीं हुई।
पुलिस की दखल के बाद रद्द हुई शादी
सभी तैयारी होने के बाद दुल्हान के ऐन मौके पर शादी से मना करने पर दूल्हे पक्ष के लोग काफी गुस्सा हो गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद यह मामला हल्द्वानी पुलिस थाने तक पहुंच गया। इसके बाद बड़ी मुश्किल से पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत किया और फिर शादी रद्द करने के फैसले पर दोनों के बीच आपसी समझौता करवाकर उन्हें वापस घर भेज दिया।
उत्तर प्रदेश में फेंक कर वरमाला पहनाने पर रद्द कर दी थी शादी
इससे पहले जनवरी में उत्तर प्रदेश में एक दुल्हन ने अपनी शादी सिर्फ इसलिए तोड़ दी थी क्योंकि दूल्हे ने परंपरा के अनुसार उसके गले में वरमाला डालने की बजाय उसे फेंककर डाला था। इस पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और दूल्हे ने वरमाला फेंकने वाली बात से इनकार किया। मामला सुलझाने के लिए मौके पर पुलिस बुलाई गई और फिर दोनों परिवारों ने एक-दूसरे को उनके तोहफे लौटाकर शादी रद्द करने का फैसला लिया।





Users Today : 15
Users This Month : 205
Total Users : 237063
Views Today : 17
Views This Month : 319
Total views : 59797



