ब्यूनस आयर्स। ब्राजील के पड़ोसी देश अर्जेंटीना में भी कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। सरकार के मुताबिक, शुक्रवार को 718 नए मामले मिले, जो एक दिन में सर्वाधिक हैं। वहीं कुल मामले 10,649 हो चुके हैं, जिनमें से 433 लोगों की मौत हो चुकी है।
रूस में 9 हजार से ज्यादा नए मामले
रूस में बीते 24 घंटे में 9,434 नए मामले मिले हैं, जिसके बाद यहां संकेमितों की संख्या 3,35,882 हो गई है। कोरोना वायरस रिस्पांस सेंटर के मुताबिक, बीते 24 घंटे में रूस में 139 लोगों की जान गई है। देश में अब तक 3,388 लोगों की मौत हो चुकी है।
पाकिस्तान में 52 हजार के पार मरीज
पाकिस्तान में कोरोना संकेमित व्यक्तियों की संख्या 52 हजार को पार कर गई है। इस बीच, विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगर लोगों ने सुरक्षा उपायों का पालन नहीं किया तो मामलों की संख्या तेजी से बढ़ सकती है। पीएम इमरान खान के विशेष सहायक (स्वास्थ्य) जफर मिर्जा ने कहा, पिछले हफ्ते की रिपोर्ट अच्छी नहीं है। अगर एहतियात नहीं बरती गई तो मामले दोगुने हो सकते हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पाक में बीते 24 घंटे में 1743 मरीज मिले हैं, जिसके बाद कुल मामलों की संख्या 52,437 हो गई है। वहीं 34 लोगों की मौत के साथ मरने वालों का आंकड़ा 1101 हो गया है। अब तक 16653 लोग ठीक हो चुके हैं।
अमेरिकी महाशक्ति घुटनों के बल
दुनिया में कोरोना की सबसे बड़ी शिकार अमेरिकी महाशक्ति में अर्थव्यवस्था घुटनों के बल आ गई है। अकेले अमेरिका में कुल मरने वालों का आंकड़ा 88,532 पर पहुंच चुका है जबकि कुल संकेमितों की संख्या 14,84,579 हो गई है। वैश्विक संक्रमण 46.49 लाख के पार होने के बीच अमेरिका ने दुनिया में अब तक का सबसे बड़ा राहत पैकेज पारित कर दिया है। दूसरी तरफ दुनिया में कुल 3,09,047 लोग महामारी से मारे जा चुके हैं।
इंडोनेशिया में संकेमितों की कुल संख्या 17,025 हुई
दक्षिण पूर्व एशियाई देश इंडोनेशिया में भी कोरोना महामारी का प्रकोप जारी है। जकार्ता में शनिवार को 529 नए कोरोना वायरस संकेमितों के साथ कुल संख्या 17,025 हो गई है। जबकि मृतकों की कुल संख्या 1,089 पहुंच गई है। इंडोनेशिया के स्वास्थ्य मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि देश में 1,35,726 लोगों की कोरोना वायरस का परीक्षण किया जा चुका है।
स्लोवेनिया ने खुद को कोरोना मुक्त घोषित किया
स्लोवेनिया पहला ऐसा यूरोपीय देश बन गया है, जिसने खुद के कोरोना मुक्त होने की घोषणा की है। सरकार ने कहा कि कोरोना वायरस देश में पूरी तरह नियंत्रण में है और अब असाधारण स्वास्थ्य उपायों की आवश्यकता नहीं है। यहां की सरकार ने यूरोपीय यूनियन के देशों के लोगों के लिए अपनी सीमाएं खोल दी हैं।
इटली में 3 जून से विदेश यात्रा की अनुमति
इटली 3 जून से अंतरराष्ट्रीय यात्रा से प्रतिबंध हटा रहा है। लोग अब इटली में दूसरे देशों से आवाजाही कर सकेंगे। उसी दिन से देश के अंदर फ्री ट्रैवल को भी अनुमति दी जाएगी। इटली में अब तक 31 हजार 610 लोगों की मौत हो गई है। दो लाख 23 हजार 885 संकेमित हैं। दुनिया में अमेरिका और ब्रिटेन के बाद सबसे ज्यादा मौतें यहीं हुई हैं।