आदिवासी महिला को डीजल डालकर जिंदा जलाया:गुना में 80% झुलसी; वो तड़पकर चीखती रही, आरोपी वीडियो बनाते रहे
By manu Mishra 4,jul2022
गुना में सहरिया आदिवासी महिला को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। महिला खेत में थी। आरोपियों ने कथित तौर पर डीजल डालकर उसे आग लगा दी। इससे वह 80 प्रतिशत तक झुलस गई। महिला बचाने की गुहार लगाती रही। आरोपी उसका वीडियो बनाते रहे। महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, यहां से भोपाल रेफर कर दिया। वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। घटना शनिवार दोपहर को बमोरी के धनोरिया गांव में हुई। महिला के परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। जांच के लिए गांव में कलेक्टर और एसपी भी पहुंचे हैं।
पुलिस ने बताया कि रामप्यारी बाई उसके पति अर्जुन सहरिया काे खेत में जली अवस्था में मिली। अर्जुन ने बताया कि जब वह खेत जा रहा था, तब वहां से कथित आरोपी प्रताप, हनुमत, श्याम किरार, उन तीनों की पत्नियां और मां ट्रैक्टर से भाग रहे थे। उसकी पत्नी रामप्यारी खेत में पेड़ के पास मिली। उसके सारे कपड़े जल गए थे और वहां धुआं निकल रहा था।
घटना के बाद कलेक्टर और एसपी भी गांव में पहुंचे।
कलेक्टर-SP भी धनोरिया पहुंचे
घटना के अगले दिन रविवार को प्रशासन एक्टिव हुआ। खुद कलेक्टर फ्रैंक नोबल ए, SP पंकज श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल महिला के परिवार वालों से चर्चा की। साथ ही आरोपियों के बारे में भी जानकारी ली। मौके पर राजस्व और पुलिस अमला भी बड़ी संख्या में पहुंचा। प्रशासन आरोपियों के निर्माण के बारे में जानकारी निकलवा रहा है। ग्वालियर रेंज आईजी श्रीनिवास वर्मा भी मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस फिलहाल तीसरे आरोपी की तलाश कर रही है।
23 जून को बताया था जान का खतरा
अर्जुन ने बताया कि उन्होंने 23 जून को एसपी को आवेदन दिया था। इसमें उन्होंने आरोपियों से अपनी जान का खतरा बताया था। इससे पहले उन्होंने बमोरी थाने में भी आवेदन दिया था, लेकिन पुलिस ने कुछ नहीं किया। फरवरी में आरोपियों ने बमोरी तहसील प्रांगण के पास अर्जुन के साथ भी मारपीट की थी। इसकी FIR भी दर्ज कराई गई थी।
मई में तहसीलदार ने दिला दिया था कब्जा
विवाद की जड़ साढ़े 6 बीघा जमीन है। इस पर एक साल से आरोपियों ने कब्जा कर रखा था। मई में इस मामले का निबटारा करते हुए तहसीलदार ने उक्त जमीन पर सहरिया परिवार को कब्जा दिलाया था। शनिवार को उन्हें पता चला कि आरोपी जमीन की जुताई कर रहे हैं। यह सुनकर महिला खेत में पहुंच गई। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने महिला पर डीजल डालकर उसे जला दिया। उस समय महिला का पति नहीं था।
दो लोग हिरासत में लिए गए
एसपी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि महिला के पति अर्जुन सहरिया की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली गई है। फरियादी द्वारा बताए गए तीन आरोपियों प्रताप, श्याम और हनुमत में से दो को हिरासत में भी ले लिया गया है। आरोपियों ने फरियादी पक्ष की जमीन पर कब्जा कर रखा था, जिसे मई में ही मुक्त कराया गया था।
(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});






Users Today : 2
Users This Month : 808
Total Users : 235692
Views Today : 2
Views This Month : 956
Total views : 57992



